रहनुमाओं की स्पर्श में चुभन देखा

बदलते चांद को
और 
किनारों पर लहरों को
ठोकर खाते देखा

आंखो का समंदर
नमकीन ठहरा
अक्सर 
पलको पर उमड़ते देखा

बादल बादल
आसमान देखा
पर
कही जमीन हरी तो
कही बंजर देखा

सुना है
वे खींच लाते है बारिशें
पर
रहनुमाओ की पनाह में
उन्हें खाली हाथ देखा

वे जमीन तोड़ते है
और आसमान बाँटते है
उन्हें
जुदा जान को करते देखा ! 

कब्र तक जनाज़ा निकला

चिराग जलाये रखा
मद्धम आंच पर
भूख पकते रहे
उम्मीद में

वक्त बेरहम निकला
पत्थर तोड़ते वक्त
उम्मीद टाँकते रहे
मासूम हथेलियो पर
कई कई छाला निकला  

रिसते जख्म के चेहरे डरावने निकले 
वक्त कोई भी हो साहब
जख्म तो
हरहाल में जख्म निकला

ना उम्मीद जन्मी और ना इंकलाब निकला
मुफ़लिसी में सिर नीचे रही
ईमान की मौत में 
कब्र तक जनाज़ा निकला
 कांच के अक्स में 
और ना जाने क्या क्या निकला !

गुमशुदा मंजिल के बीच

परंपरा कुछ ऐसी थी कि
पत्थर के अंदर
सबसे खूबसूरत और
शक्तिशाली फूल तलाशते थे हम 

हमें सबकुछ पता था
कि
मृग मरीचिका के भयावह दुष्चक्र मेँ
कही कोई पानी नही है
पर प्यास के लिए कही दूसरा विकल्प भी नही था
और डूब जाना हमारा एक मात्र चयन

बिखराव से भरे रंगो की कैनवास पर
अनेक रंग का नया आसमान तलाशना
जिजीविषा साँसों की रही

तन्हाई मेँ
सड़कें कितनी चौड़ी हो जाती थी
गुमशुदा मंजिल के बीच
हम जिंदगी को
जिंदगी की तरह देखना चाहते थे तब

कभी कभी 
पत्थर ,प्यास ,कैनवास ,सांसें 
सबके सब एक नदी की तरह दिखते थे
उसमें बहते जाना
उम्मीद थी
और शायद यही जिंदगी !

शिनाख्त शेष है !

दहशत में है शहर
और हम फिरते है
मारे मारे

खौफ में
जीया करतीं है रातें
और गहरे सन्नाटो के बीच
तन्हाईयां

आकाश की गहराई में
उम्मीद सितारों की
दूर बहुत है

शाम ढलने को है
बेपता हम
मकान गिरवी है
और तारीख मुकर्र
शिनाख्त शेष है
और सफ़र बाकी !

आँखों में कैद पता

तेरे शहर से
रिश्ता बहुत पुराना था
कारवां बढ़ता गया राहें मिलती रहीं 
पर आँखों में कैद
पता
सिर्फ तेरे शहर का रहा

तेरी जमीन से
जुडी हुई यादें बहुत रुलाती रही 
रुत बहारों की कई
आती और जाती रहीं 

उड़ता रहा वक्त
पाखी बन ,
पर उसका रंगता गया
आसमान की तरह

आगोश में उसके
सितारे बहुत थे
पर चाँदनी
चाँद के इंतज़ार में रही 

आज मुद्दतो बाद
मिलना हुआ उनका 
पर मिले भी तो 
जमीन और आसमान की तरह !

शब्द पन्नों के बीच सुबकते है

पन्ना पलट दो
अब
अक्षर बिखर जायेंगें
शब्द बचा लो
वरना
आसमान टुकड़ों में
बिखर जायेगा

सब्र उनका टूट चुका है
पहाड़ आज बिखरने लगे है
जो युगों रहे 
अडिग और अटल

मासूमियत
उन किताबो की तो देखो
जिन्हें वे पढ़ते हुये
बड़ी बेरहमी से पलटते रहे

वक्त सख्त रहा
किताब के उस हिस्से को तो पढो
जो अब तक मौन था
फट जाये
उससे पहले
इसे बचा लो !!


चल और अचल लम्हों के बीच जिन्दगी कुछ ऐसी है

दो-चार कदम पर था फूल-चमन 
दो-चार कदम पर वह भी थी
जीवन ठहरा, एक समंदर
दरिया की कहानी थी

दो-चार कदम पर थे चाँद-चांदनी
दो-चार कदम पर ही जुगनू थे
रौशन सूरज, फिर भी तन्हा
सितारों की कहानी थी

दो-चार कदम पर थे मंदिर-मस्जिद
दो-चार कदम पर, वे भी थे
सबसे ऊपर एक नाम था
पर अन्धो की कहानी थी

दो-चार कदम पर था सुबह-सवेरा
दो-चार कदम पर ही अंधियारा था
जलता सूरज, सुन्दर बहुत था
भटकन की कहानी थी

दो-चार कदम पर थे लोग-बाग़    
दो-चार कदम पर ही जंगल था
हरियाली थी बहुत सुहानी
पर मिटने की कहानी थी !